सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं
विधायक की कार टकराई छात्रों से
- ग्वालियर में शिवपुरी के भाजपा विधायक देवेंद्र जैन की कार से एक छात्र की कार टकराने का मामला सामने आया है।

इस दौरान विधायक के PSO पर छात्रों को धमकाने पर छात्रों द्वारा मारपीट करने की बात भी सामने आई है। झांसी रोड थाना पुलिस ने देर रात छात्रों की कार को जप्त किया। हालांकि विधायक की ओर से किसी भी प्रकार की कोई शिकायत पुलिस में दर्ज नहीं कराई गई है।
दरअसल शिवपुरी से भाजपा विधायक देवेंद्र जैन शुक्रवार रात ऊर्जा मंत्री प्रद्युमन सिंह तोमर की बेटी की शादी में शामिल होने ग्वालियर आए हुए थे।
इस दौरान वापस लौटते समय विक्की फैक्ट्री के आगे शिवपुरी हाईवे पर विधायक देवेंद्र जैन की कार ने जैसे ही यू टर्न लिया सामने से आ रही छात्रों की कार से उनकी कार टकरा गई और फिर छात्रों की कार डिवाइडर से जा भिड़ी, इसके बाद बताया जा रहा है कि विधायक के PSO ने छात्रों को धमकाया था जिसके चलते विवाद की स्थिति बनी। हालात को देखते हुए विधायक ने पुलिस को बुलाया। इसके बाद कार को जप्त कर झांसी रोड थाना ले जाया गया। छात्रों को भी देर रात थाने लाया गया। लेकिन विधायक देवेंद्र जैन की ओर से कोई भी शिकायत पुलिस में नहीं की और वह चले गए।
ऐसी स्थिति में अब पुलिस भी मामले से बचने की कोशिश कर रही है। इस पूरी घटना को लेकर CSP हिना खान का कहना है कि छात्रों की कार डिवाइडर से टकरा गई थी जिसके चलते उसके टायर भी फट गए थे मौके पर घटना के चलते लोग बहुत मौजूद थे। छात्र भी यंग थे ऐसी स्थिति में थोड़े विवाद की स्थिति बनी। कार को जप्त कर थाने लाया गया।